मुंगेली के धान उपार्जन केंद्रों में किसानों से अवैध वसूली का आरोप, कांग्रेस पदाधिकारियों ने किया औचक निरीक्षण

लोकेशन: मुंगेली, छत्तीसगढ़
संवाददाता: विनोद जायसवाल
धान उपार्जन केंद्रों में किसानों से अवैध वसूली और तौल में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद कांग्रेस के पदाधिकारी आज अचानक निरीक्षण के लिए केंद्र पहुंचे।
मुंगेली जिले के धान उपार्जन केंद्रों में कर्मचारियों की मनमानी और अव्यवस्था की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। आज कांग्रेस पदाधिकारी अचानक निरीक्षण के लिए पहुंचे और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को विस्तार से जाना।
किसानों ने शिकायत की कि तौल में प्रति बोरे लगभग 1 किलो धान अधिक लिया जा रहा है और कुछ कर्मचारियों द्वारा अतिरिक्त पैसे की मांग की जा रही है। इसके अलावा, समय पर धान तौलाई नहीं हो पाने से किसानों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।


कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया और कहा कि अवैध वसूली और तौल में गड़बड़ी जैसी समस्याओं में तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था जल्द नहीं सुधरी तो वे जिला स्तर पर बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
निरीक्षण के दौरान किसानों से बातचीत करने वाले प्रमुख पदाधिकारी थे:
विघानद चन्द्राकार, सभापति कृषि
रामप्रकाश यादव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुंगेली
हितेश श्रीवास, पंजीयक मुंगेली
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि किसानों के साथ हो रही अनियमितताओं को तुरंत रोका जाए और केंद्रों की व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए।




