कुनकुरी में कांग्रेस का हल्लाबोल: नेशनल हेराल्ड केस पर ED के खिलाफ पुतला दहन, केंद्र पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप

रिपोर्टर – दीपक वर्मा | लोकेशन – कुनकुरी, जशपुर
जशपुर जिले के कुनकुरी बस स्टैंड में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय (ED) के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेताओं से की जा रही लगातार पूछताछ और कार्रवाई के विरोध में कार्यकर्ताओं ने ईडी का पुतला जलाकर अपना आक्रोश जताया।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पूरे प्रदेश में विरोध कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी क्रम में कुनकुरी में भी कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए और केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के राजनीतिक दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।


कांग्रेस का कहना है कि मोदी सरकार प्रवर्तन निदेशालय, CBI और आयकर विभाग जैसी संस्थाओं का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को डराने, दबाने और उनकी आवाज़ को कमजोर करने के लिए कर रही है। पार्टी ने इस कार्रवाई को “लोकतंत्र पर सीधा हमला” बताया है।

प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज सागर यादव, मंडल अध्यक्ष मोनू अग्रवाल, ब्लॉक उपाध्यक्ष रॉबर्ट एक्का, उपाध्यक्ष दीपक केरकेट्टा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




