नई जमीन गाइडलाइन पर कांग्रेस का हल्ला बोल—सक्ती में सीएम और वित्त मंत्री का पुतला दहन

लोकेशन – सक्ती
दिनांक – 01/12/2025
रिपोर्टर – लाला उपाध्याय
जमीन की नई गाइडलाइन को लेकर प्रदेशभर में उठ रहे विरोध के बीच सक्ती जिला कांग्रेस कमेटी ने आज तीखा विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रश्मि गबेल और जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू ने पत्रकार वार्ता कर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि नई गाइडलाइन से जमीन के दाम और स्टांप ड्यूटी शुल्क अचानक बढ़ गए हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए जमीन खरीदना और मकान बनाना बेहद मुश्किल हो गया है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की नीयत साफ नहीं है।
जिला अध्यक्ष रश्मि गबेल ने कहा कि गरीबों की पहुंच वाली जमीन को महंगा कर दिया गया है, जबकि भाजपा नेताओं ने पहले ही बड़े पैमाने पर जमीन खरीदकर उसे अब ऊंचे दामों में बेचने की तैयारी कर ली है। उन्होंने कहा कि यह गाइडलाइन आम जनता के हितों के खिलाफ है और अगर सरकार इसे वापस नहीं लेती है तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर बड़े आंदोलन की तैयारी में है।
पत्रकार वार्ता के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अग्रसेन चौक, सक्ती में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की और कहा कि “नई गाइडलाइन गरीब विरोधी और विकास विरोधी है।”


विधायक बालेश्वर साहू ने कहा कि नई जमीन गाइडलाइन ने आम जनता की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार अगर जल्द फैसला वापस नहीं लेती तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी और जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक विरोध तेज किया जाएगा।
कांग्रेस संगठन का कहना है कि यह लड़ाई जनहित की है और आने वाले दिनों में इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा।




