
रायपुर
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस विभाग की छवि को धक्का पहुंचाने वाला मामला सामने आया है। आमानाका थाने में पदस्थ एक सिपाही को ड्रग्स तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी सिपाही वर्दी की आड़ में पंजाब और दिल्ली से हेरोइन मंगाकर शहर में सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने उसे टिकरापारा इलाके में एक ग्राम हेरोइन के साथ रंगेहाथ पकड़ा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की पहचान हिमांशु बर्मन (34 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पिछले डेढ़ साल से आमानाका थाना में पदस्थ था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। एक युवक के माध्यम से सिपाही को हेरोइन का ऑर्डर दिया गया। जैसे ही वह ड्रग्स की डिलीवरी देने टिकरापारा पहुंचा, टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसकी कार से एक ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह भिलाई के कुछ तस्करों से ड्रग्स खरीदता था। ये तस्कर पंजाब से हेरोइन मंगाते थे। सिपाही ने अब तक चार बार ड्रग्स सप्लाई करने की बात कबूली है। बताया जा रहा है कि वह डिलीवरी के बाद भुगतान सीधे अपने बैंक खाते में लेता था।
हिमांशु बर्मन मूल रूप से कवर्धा जिले के कुंडा क्षेत्र का निवासी है और वर्ष 2013 में पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था। पुलिस लाइन में तैनाती के दौरान उसकी कुछ तस्करों से पहचान हुई, जो आगे चलकर अवैध गतिविधियों में बदल गई। आमानाका थाना में पोस्टिंग के दौरान वह कई ड्रग्स मामलों की कार्रवाई में भी शामिल रहा, जिससे उसे नेटवर्क की जानकारी मिली।
सूत्रों के अनुसार आरोपी की लगातार गैरहाजिरी की शिकायतें भी थीं, जिसके बाद उसे वारंट तामिली से हटाकर अन्य ड्यूटी में लगाया गया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। इस मामले में ड्रग्स सप्लाई चेन और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।




