
लोकेशन अंबिकापुर रिपोर्टर विनीत मिश्रा
अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 40 से एक बेहद चिंताजनक तस्वीर सामने आई है।
दूषित पानी पीने से 40 से ज्यादा लोग पीलिया जैसी गंभीर बीमारी की चपेट में आ चुके हैं।
जांच रिपोर्ट में पानी के संक्रमित पाए जाने के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है।
हालात की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और पीएचई विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और पानी की सघन जांच शुरू कर दी गई है।
नवागढ़ इलाके में नगर निगम की ओर से की जा रही पानी की सप्लाई अब लोगों के लिए खतरा बनती नजर आ रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने 10 घरों से पानी के सैंपल लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में जांच कराई,
जहां पानी में हानिकारक बैक्टीरिया और कोलिफॉर्म पाए गए।
जांच के बाद पुष्टि हुई कि अब तक 40 से अधिक लोग पीलिया से संक्रमित हो चुके हैं।
मामला सामने आते ही निगम अधिकारियों को प्रभावित पाइपलाइन से पानी की सप्लाई बंद करने और मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं।



इधर वार्ड पार्षद ने नगर निगम की जलापूर्ति व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
कई घरों से लंबे समय से दूषित पानी आने की शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन समय रहते सुधार नहीं किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया है।
स्वास्थ्य अमले ने वार्डवासियों को पानी उबालकर पीने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
स्वास्थ्य विभाग लगातार वार्ड में कैंप कर मरीजों की जांच कर रहा है।
पीएचई विभाग द्वारा घर-घर जाकर पानी के सैंपल लिए जा रहे हैं, ताकि दूषित पानी के स्रोत की सटीक पहचान की जा सके।
CMHO ने पीएचई विभाग को पत्र लिखकर जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए हैं।
एक तरफ नगर निगम फिल्टर पानी सप्लाई का दावा कर रहा है,
तो दूसरी तरफ जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है और लोग एहतियात बरतते हुए उबालकर पानी पी रहे हैं।
अब देखना होगा कि जांच रिपोर्ट के बाद जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।







