आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष के स्वागत में स्कूली बच्चों की मौजूदगी पर विवाद, भाजपा नेता राजलाल राजवाड़े ने उठाए सवाल

रिपोर्टर: सुरेन्द्र साहू
लोकेशन: सूरजपुर, छत्तीसगढ़
सूरजपुर से एक सियासी विवाद सामने आया है, जहां कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को शामिल किए जाने पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता राजलाल राजवाड़े ने इसे गैर-कानूनी और असंवैधानिक बताते हुए कहा कि यदि कार्यक्रम कांग्रेस का था तो इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता को शामिल किया जाना चाहिए था, न कि स्कूली समय में बच्चों को पढ़ाई छोड़कर राजनीतिक कार्यक्रम में लाया जाना। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। राजलाल राजवाड़े ने कांग्रेस के हसदेव बचाओ आंदोलन पर भी तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को अब न कार्यकर्ता मिल रहे हैं और न ही जनता का समर्थन, इसलिए स्कूली बच्चों का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने बुधवार को कलेक्टर से मुलाकात कर कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह और बच्चों को भेजने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई की मांग करने की बात कही है। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में स्कूली बच्चे हसदेव बचाओ के नारे लगाते साफ नजर आ रहे हैं। अब देखना होगा कि भाजपा नेता की आपत्ति के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।




