जांजगीर-चांपा

वार्ड नंबर 20 में शिक्षा सुविधाओं को लेकर पार्षद राज सिंह ने शिक्षा मंत्री से की मुलाकात, सौंपा मांग पत्र

अकलतरा
वार्ड क्रमांक 20 में शिक्षा संबंधी मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर पार्षद राज सिंह ने राज्य के शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर अपनी मांगों को सामने रखा। इस दौरान उन्होंने मंत्री को एक लिखित आवेदन सौंपते हुए क्षेत्र की जमीनी समस्याओं से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की।

पार्षद राज सिंह ने अपने आवेदन में बताया कि वार्ड क्रमांक 20 में वर्तमान में एक प्राथमिक शाला संचालित है, जिसमें दर्ज संख्या 44 छात्र-छात्राओं की है। बच्चों की संख्या अधिक होने के कारण विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष की नितांत आवश्यकता है। सीमित कक्षाओं के चलते पढ़ाई प्रभावित हो रही है और विद्यार्थियों को समुचित शैक्षणिक वातावरण नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि प्राथमिक शाला के बाद नजदीकी मिडिल स्कूल की दूरी लगभग 3 से 4 किलोमीटर है। इस स्कूल तक पहुंचने के लिए बच्चों को रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है, जिससे हमेशा किसी बड़ी दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

अभिभावकों में इस बात को लेकर गहरी चिंता है और कई बच्चे इसी वजह से आगे की पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।
पार्षद ने यह भी बताया कि वार्ड की लगभग 80 प्रतिशत आबादी गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रही है। अधिकांश परिवार रोजी-मजदूरी पर निर्भर हैं, जिसके कारण वे अपने बच्चों का दाखिला निजी स्कूलों में कराने में असमर्थ हैं। सरकारी मिडिल या माध्यमिक स्कूल की दूरी अधिक होने से बच्चों की शिक्षा बीच में ही रुक जा रही है, जो भविष्य के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है।

राज सिंह ने शिक्षा मंत्री से मांग की कि वार्ड क्रमांक 20 में प्राथमिक शाला में अतिरिक्त कक्ष की स्वीकृति दी जाए और बच्चों की सुरक्षा व शिक्षा को ध्यान में रखते हुए मिडिल स्कूल की व्यवस्था वार्ड के भीतर या नजदीकी सुरक्षित स्थान पर की जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इन मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो क्षेत्र के कई बच्चे शिक्षा से वंचित रह जाएंगे।
शिक्षा मंत्री ने पार्षद की बातों को गंभीरता से सुनते हुए मामले पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब वार्डवासियों को उम्मीद है कि जल्द ही शिक्षा सुविधाओं में सुधार होगा और बच्चों को सुरक्षित व बेहतर भविष्य की राह मिल सकेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button