जांजगीर में क्रिकेट का महाकुंभ, कर्मचारी-अधिकारी प्रीमियर लीग 1 अप्रैल से

लोकेशन-जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा में पहली बार कर्मचारियों और अधिकारियों का बड़ा क्रिकेट महाकुंभ सजने जा रहा है। एक अप्रैल से “कर्मचारी-अधिकारी प्रीमियर लीग 2026” का आगाज होगा, जिसमें जिले की 32 टीमें आमने-सामने होंगी।
हाई स्कूल मैदान जांजगीर इस टूर्नामेंट का मुख्य केंद्र बनेगा, जहां रोजाना चार मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता 7-7 ओवर के फॉर्मेट में होगी, जबकि फाइनल मैच 10 ओवर का खेला जाएगा।
इस लीग की खास बात यह है कि इसमें महिलाओं के लिए भी सद्भावना मैच का आयोजन किया गया है, जिससे महिला खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। उद्घाटन मुकाबला प्रशासनिक टीम और पत्रकार 11 के बीच खेला जाएगा।
आयोजकों के अनुसार विजेता टीम को 51 हजार रुपए और ट्रॉफी, उपविजेता को 31 हजार और तृतीय स्थान पर रहने वाली टीम को 21 हजार रुपए दिए जाएंगे। साथ ही मैन ऑफ द सीरीज, मैन ऑफ द मैच, बेस्ट बैट्समैन और बॉलर को भी सम्मानित किया जाएगा।
टूर्नामेंट का भव्य समापन 10 अप्रैल को होगा, जिसमें क्षेत्रीय सांसद कमलेश जांगड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित यह टूर्नामेंट अब चर्चा का केंद्र बन गया है और खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।






