चैत्र नवरात्रि में सप्तमी पर अकलतरा के महामाया मंदिर में उमड़ी आस्था की भीड़

रिपोर्टर -मयंक/लोकेशन -अकलतरा, जांजगीर-चांपा


चैत्र नवरात्रि के सप्तमी के पावन अवसर पर अकलतरा स्थित आदिशक्ति मां महामाया मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जहां दूर-दराज से आए श्रद्धालु मां के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचे। पूरे दिन मंदिर में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
नवरात्रि के सातवें दिन मां दुर्गा के सप्तम स्वरूप मां कालरात्रि की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर माता की आराधना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। “जय माता दी” के गगनभेदी जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बन गया।
मंदिर में चल रहे जसगीत, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों में श्रद्धालु भाव-विभोर होकर शामिल हुए। कई भक्त भक्ति में लीन होकर झूमते नजर आए, वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ज्योति कलश के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। मंदिर को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है।


नवरात्रि के दौरान मंदिर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
चैत्र नवरात्रि के इन पावन दिनों में महामाया मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचकर माता का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं और पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।




