निजी स्कूल में मासूम पर क्रूर सजा, मानवता शर्मसार

सूरजपुर
सूरजपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है… जहां एक निजी स्कूल में नर्सरी के मासूम बच्चे को मात्र इसलिए पेड़ से लटका दिया गया क्योंकि उसने होमवर्क नहीं किया था! यह घटना न सिर्फ मानवता को शर्मसार करती है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
मामला है नारायणपुर के हांसवानी विद्या मंदिर का। यहां नर्सरी में पढ़ने वाले एक बच्चे ने होमवर्क पूरा नहीं किया था, इसी बात से नाराज़ स्कूल की शिक्षिकाओं ने बच्चे को रस्सी के सहारे पेड़ से पेट के बल घंटों लटका कर सजा दे दी।


इसी दौरान वहां मौजूद एक ग्रामीण ने इस अमानवीय हरकत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग स्कूल के बाहर पहुंच गए।
वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया। वहीं मौके पर पहुंचे विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी.एस. लकड़ा ने स्कूल परिसर में जांच की और पूरे मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजने की बात कही है।
दूसरी ओर, स्कूल संचालक सुभाष शिवहरे इस सजा को मामूली बता रहे हैं। उनका कहना है कि “बच्चा पढ़ता नहीं था, उसे डराने के लिए ऐसा किया गया।” संचालक का यह बयान और बढ़ते विवाद को जन्म दे रहा है।




