कोरबा में साइबर थाने की शुरुआत, डिजिटल अपराध पर लगेगा अंकुश

रिपोर्टर: – संगम दुबे
लोकेशन:- कोरबा, छत्तीसगढ़
डिजिटल इंडिया के दौर में बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम कसने की दिशा में कोरबा जिले को बड़ी सौगात मिली है। अब ऑनलाइन ठगी, बैंक फ्रॉड और डिजिटल अपराध से जुड़े मामलों की जांच और कार्रवाई के लिए कोरबा में साइबर थाना काम करेगा। बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल माध्यम से कोरबा के पहले साइबर थाने का शुभारंभ किया।
डिजिटल तकनीक के तेजी से विस्तार के साथ ही साइबर अपराधों की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में आम लोगों को त्वरित न्याय और सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोरबा जिले में पहले साइबर थाने की शुरुआत की गई है।
बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल रूप से साइबर थाना कोरबा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित जनप्रतिनिधि और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


साइबर थाना के संचालन से ऑनलाइन ठगी, बैंक फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध, फर्जी लिंक और डिजिटल लेन-देन से जुड़े मामलों की त्वरित जांच और प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकेगी। साथ ही आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने में भी यह थाना अहम भूमिका निभाएगा।
प्रशासन का मानना है कि साइबर थाना शुरू होने से जिले में डिजिटल अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा और पीड़ितों को जल्द राहत मिल सकेगी।




