बाराद्वार–जैजैपुर मार्ग पर 6 महीने से क्षतिग्रस्त स्वागत द्वार लटका… मरम्मत की अनदेखी से राहगीर परेशान

जांजगीर-चांपा
जिले के बाराद्वार–जैजैपुर मुख्य मार्ग पर स्थित कृषि उपज मंडी समिति सक्ती द्वारा लगाया गया लाखों रुपये की लागत वाला स्वागत द्वार पिछले कई महीनों से क्षतिग्रस्त हालत में लटक रहा है।
बाराद्वार के अंतिम छोर पर स्थापित यह स्वागत द्वार कभी आकर्षण का केंद्र था, लेकिन पिछले छह माह से भी अधिक समय से यह टूटकर आधा झुका हुआ पड़ा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक इसका नुकसान बारिश और तेज हवाओं के दौरान हुआ, लेकिन उसके बाद से इसकी मरम्मत की ओर किसी भी जिम्मेदार विभाग ने ध्यान नहीं दिया।


राहगीरों का कहना है कि यह लटका हुआ स्ट्रक्चर कभी भी गिरकर बड़ा हादसा कर सकता है, खासकर रात में और भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान। फिर भी न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही क्षतिग्रस्त संरचना को हटाने या ठीक करने की कोई पहल हुई है।
स्थानीय नागरिकों ने कृषि उपज मंडी समिति और संबंधित विभागों से अनुरोध किया है कि जल्द से जल्द इसकी मरम्मत कराई जाए, ताकि दुर्घटना की आशंका खत्म हो सके और मार्ग सामान्य रूप से सुरक्षित बनाया जा सके।




