
रिपोर्टर: अमन सोनी
लोकेशन: कोरबा (पटाढ़ी ओवरब्रिज)
कोरबा–चांपा मुख्य मार्ग पर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग NH-149B के अंतर्गत ग्राम पंचायत पटाढ़ी के ओवरब्रिज पर गंभीर खतरा बना हुआ है। सड़क दुर्घटना में उखड़ा स्ट्रीट लाइट का खंभा पुल की रेलिंग में फंसा हुआ है, जिसे अब तक न तो हटाया गया है और न ही सुरक्षित तरीके से बांधा गया है। यह स्थिति किसी भी वक्त बड़ी दुर्घटना को न्योता दे सकती है।रात के समय पर्याप्त रोशनी न होने के कारण यह खंभा वाहन चालकों को साफ दिखाई नहीं देता। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह बेहद खतरनाक साबित हो सकता है, जबकि चारपहिया वाहनों के लिए भी अचानक टकराव का जोखिम बना रहता है।


इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं, जिससे खतरे की गंभीरता और बढ़ जाती है।स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि कई बार इस समस्या की सूचना संबंधित विभागों को दी गई, लेकिन अब तक राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, बिजली विभाग या स्थानीय प्रशासन में से किसी ने भी जिम्मेदारी नहीं ली। ऐसे में बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि यदि इस लापरवाही के चलते कोई बड़ा हादसा होता है, तो जिम्मेदार कौन होगा?ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उखड़े हुए स्ट्रीट लाइट खंभे को जल्द से जल्द हटाकर या सुरक्षित तरीके से फिक्स कर यातायात को सुरक्षित किया जाए, ताकि किसी निर्दोष की जान जोखिम में न पड़े।




