छत्तीसगढ़

दंतेवाड़ा की महिला DSP कल्पना वर्मा निलंबित, आय से अधिक संपत्ति और रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप

दंतेवाड़ा
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पदस्थ महिला पुलिस उपाधीक्षक (DSP) कल्पना वर्मा पर बड़ी कार्रवाई की गई है। राज्य सरकार ने आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के चलते उन्हें निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई एक व्यापारी की शिकायत और उसकी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
राज्य गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, डीएसपी कल्पना वर्मा के खिलाफ मिली शिकायत की जांच में सामने आया कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग कर अवैध रूप से वित्तीय लाभ अर्जित किया। जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि उनकी संपत्ति ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक है। इसी आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
आरोप है कि रायपुर के एक व्यापारी से डीएसपी कल्पना वर्मा ने पैसे और महंगे गिफ्ट लिए और इसके बदले विभाग की गोपनीय जानकारी साझा की। जांच के दौरान व्हाट्सएप चैट और बयानों में विरोधाभास पाए जाने का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि, कल्पना वर्मा ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
सरकारी आदेश के मुताबिक, निलंबन की अवधि में कल्पना वर्मा को नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय से अटैच किया गया है। वहीं, शिकायतकर्ता व्यापारी दीपक टंडन ने आरोप लगाया है कि 2021 से दोनों के बीच संबंध थे और इस दौरान शादी का झांसा देकर उनसे करोड़ों रुपये, कीमती गहने और लग्जरी कार ली गई।
डीएसपी कल्पना वर्मा ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है और मानहानि का मुकदमा करने की बात कही है। मामले की जांच फिलहाल जारी है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button