सूरजपुर में कुएं से मिला युवक का शव – इलाके में फैली दहशत, पुलिस जांच में जुटी

लोकेशन – सूरजपुर
रिपोर्टर – सुरेन्द्र साहू
सूरजपुर जिले के ग्राम चंद्रपुर से सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के खेत में बने एक कुएं से एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मामला सूरजपुर जिले के चंद्रपुर गांव का है, जहां बुधवार की सुबह खेतों में काम करने पहुंचे ग्रामीणों ने एक कुएं में किसी व्यक्ति का शव तैरता हुआ देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
थाना प्रभारी दल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया।
शव की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है, हालांकि गांव के ही निवासी कैलाश ने आशंका जताई है कि मृतक उसका भाई कमलेश हो सकता है, जो दो दिनों से लापता था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना की जानकारी फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। कुएं में शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।


पुलिस अधिकारी (थाना प्रभारी, चंद्रपुर)
“ग्रामीणों से सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक की पहचान और मौत के कारणों की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।”
फिलहाल पुलिस ने आसपास के गांवों में गुमशुदगी की जानकारी मंगवाई है ताकि शव की पहचान सुनिश्चित की जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत दुर्घटनावश हुई या फिर इसमें कोई साजिश शामिल है।




