जिला स्तरीय अंडर-14 इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में दिल्ली पब्लिक स्कूल जांजगीर–चाम्पा की शानदार जीत, डीपीएस टीम ने फाइनल में बनाई जगह

अंडर-14 इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में ’डी. पी. एस. जांजगीर–चाम्पा’ के होनहार खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया।
टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में दिल्ली पब्लिक स्कूल, जांजगीर–चाम्पा और लायंस पब्लिक स्कूल, चाम्पा की टीमें आमने–सामने रहीं।
पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली पब्लिक स्कूल की टीम ने सशक्त खेल का प्रदर्शन करते हुए 216 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
दिल्ली पब्लिक स्कूल, जांजगीर–चाम्पा की ओर से बल्लेबाजों ने भी उपयोगी योगदान देते हुए टीम के स्कोर को मजबूती प्रदान की। जिसमें विराज सोमानी 38 , लतिक सिंह राठौर 29 , प्रयाग सिंह राठौर 27 तथा अनिकेत तिवारी ने 21 रन की महत्वपूर्ण पारियाँ खेलीं।
इन सभी खिलाड़ियों के सामूहिक प्रयास से दिल्ली पब्लिक स्कूल की टीम ने 216 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया, जो अंततः टीम की जीत का आधार बना।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी लायंस पब्लिक स्कूल चांपा की टीम दिल्ली पब्लिक स्कूल की कसी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और महज 191 रन पर पूरी टीम ऑल आउट हो गई। इस प्रकार दिल्ली पब्लिक स्कूल ने 25 रन से शानदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में सबसे पहले अपनी जगह पक्की की।
मैच के नायक दिल्ली पब्लिक स्कूल के कप्तान शौर्य बेरेलिया रहे, जिन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 31 रन देकर 6 विकेट झटके और विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने टीम की जीत को सुनिश्चित किया।
इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य महोदया एवं विद्यालय प्रबंधन समिति ने समस्त खिलाड़ियों, कोच एवं खेल प्रभारी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का यह अनुशासन, परिश्रम और खेल भावना विद्यालय के लिए गौरव और गर्व का विषय है तथा भविष्य में भी वे इसी प्रकार सफलता के नए आयाम स्थापित करते रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 8 तारीख को चांपा की ऐतिहासिक भालेराव स्टेडियम में दिल्ली पब्लिक स्कूल चांपा बनाम ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल जांजगीर के मध्य खेला जाएगा। विद्यालय परिवार ने टीम को फाइनल मैच में शानदार प्रदर्शन कर विजय प्राप्त करने हेतु अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।




