विद्युत कंपनियों के प्रदूषण पर कड़े कदम की मांग—सांसद कमलेश जांगड़े ने लोकसभा में उठाया गंभीर मुद्दा

जांजगीर–चांपा
दीपक यादव
जांजगीर–चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े ने अपने संसदीय क्षेत्र से जुड़े एक बेहद अहम और संवदेनशील मुद्दे को लोकसभा में बड़ी मजबूती के साथ उठाया।
सांसद ने सदन को बताया कि जांजगीर–चांपा क्षेत्र में अनेक बड़ी विद्युत उत्पादन इकाइयाँ संचालित हैं, लेकिन इनमें से कई कंपनियाँ निर्धारित पर्यावरणीय मानकों का पालन नहीं कर रही हैं। इसके चलते क्षेत्र का वातावरण लगातार प्रदूषित हो रहा है।
सांसद जांगड़े ने बताया कि प्रदूषण का यह दुष्प्रभाव सीधे तौर पर ग्रामीण इलाकों, बच्चों, बुजुर्गों, पशुओं और पक्षियों के स्वास्थ्य पर देखा जा रहा है। कई गांवों में सांस संबंधी बीमारियों, त्वचा रोगों और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। ग्रामीणों ने कई बार शिकायतें दर्ज कराई हैं, लेकिन इन पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने सदन में स्पष्ट कहा कि इस महत्वपूर्ण मुद्दे को कई बार संबंधित कंपनियों और विभागों के संज्ञान में लाया गया, फिर भी अब तक कोई ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
इसी को देखते हुए सांसद कमलेश जांगड़े ने केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने अनुरोध किया कि पर्यावरण प्रदूषण फैलाने वाली इन कंपनियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषणमुक्त वातावरण मिले।
सांसद ने यह भी कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ नागरिकों के स्वास्थ्य और पर्यावरण को प्राथमिकता देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस मामले को गंभीरता से लेकर शीघ्र कदम उठाएगी।




