गुरु घासीदास जयंती पर अमरटापू धाम पहुंचे उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विकास कार्यों के लिए 80 लाख की घोषणा

लोकेशन: मुंगेली, छत्तीसगढ़
संवाददाता: विनोद जायसवाल
दिनांक: 19/12/2025
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज संत शिरोमणि, परम पूज्य गुरु बाबा घासीदास जी की 269वीं जयंती के अवसर पर मुंगेली जिले के मोतिमपुर स्थित अमरटापू धाम पहुंचे। इस पावन अवसर पर उन्होंने जैत खाम में पालो चढ़ाकर गुरु घासीदास बाबा से प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद लिया।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरु घासीदास बाबा जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अमरटापू धाम आज छत्तीसगढ़ के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल हो चुका है। धाम का निरंतर विकास हो रहा है और इसकी ख्याति दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।


उन्होंने कहा कि अमरटापू धाम अब केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और बाबा घासीदास जी के “सत नाम” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाला एक महत्वपूर्ण तीर्थ स्थल बन गया है।
उपमुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अमरटापू धाम परिसर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपये की घोषणा की। साथ ही मोतिमपुर तक सड़क निर्माण के लिए 30 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। एक अन्य सड़क निर्माण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक प्रतिनिधि और मेला समिति के सदस्य उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं में उपमुख्यमंत्री के आगमन को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।




