जिला बदर के बावजूद गांव में छिपकर दहशत फैला रहा था आदतन बदमाश, मुलमुला पुलिस ने किया गिरफ्तार


रिपोर्टर शुभांशु मिश्रा लोकेशन जांजगीर चांपा
जांजगीर-चांपा जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले आदतन बदमाशों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना मुलमुला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जिला बदर आदेश का उल्लंघन कर अपने ही गांव में छिपकर रह रहे आदतन बदमाश गोरी उर्फ रोहित कुमार बर्मन (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी ग्राम कोसा थाना मुलमुला का निवासी है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए जिला दंडाधिकारी जांजगीर-चांपा द्वारा दिनांक 11 नवंबर 2025 को उसे एक वर्ष की अवधि के लिए जिला बदर किया गया था। आदेश के तहत आरोपी को जांजगीर-चांपा जिले के साथ-साथ समीपवर्ती जिलों—शक्ति, रायगढ़, सारंगढ़, बिलासपुर एवं बलौदा बाजार—की राजस्व सीमाओं से बाहर रहने के निर्देश दिए गए थे।
इसके बावजूद आरोपी ने जिला बदर आदेश की अवहेलना करते हुए बिना किसी वैध अनुमति के अपने गृह ग्राम कोसा में छिपकर रहना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, वह ग्रामीणों को डरा-धमकाकर क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा था। इस संबंध में पुलिस को लगातार शिकायतें और विश्वसनीय सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं।
सूचना के आधार पर थाना मुलमुला पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया और उसकी लगातार पतासाजी शुरू की। आरोपी मामला दर्ज होने के बाद फरार हो गया था, लेकिन मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में जिला बदर और निगरानी बदमाशों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल के नेतृत्व में एएसआई प्रमोद महार, हेमलाल महिलागे, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, राजमणि द्विवेदी एवं आरक्षक सनोहर जगत की अहम भूमिका रही, जिनका कार्य सराहनीय रहा।




