
लोकेशन (Location):
डभरा, सक्ति जिला
रिपोर्टर (Reporter):
लाला उपाध्याय
अयोध्या स्थित भव्य श्रीराम मंदिर में श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा की 22 जनवरी को द्वितीय वर्षगांठ श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इसी कड़ी में सक्ति जिले के नगर पंचायत डभरा में भी भव्य धार्मिक आयोजन देखने को मिला।
श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ के पावन अवसर पर नगर पंचायत डभरा स्थित श्री चक्रधारी मंदिर में शाम 6 बजे से विशेष पूजा-अर्चना, दीपदान एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचे और भगवान श्रीराम तथा भगवान श्री चक्रधारी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।


कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष दीपक कंवलधर साहू भी शामिल हुए और भगवान श्री चक्रधारी की आरती में सहभागिता करते हुए नगरवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर के पुजारी पंडित लाला महाराज द्वारा विधिवत आरती संपन्न कराई गई।


इस दौरान श्रद्धालुओं ने दीपदान किया, वहीं मंदिर परिसर को रंगोली, फूलों और दीपों से आकर्षक रूप से सजाया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। भजन-कीर्तन और जय श्रीराम के जयघोष के साथ श्रद्धालुओं ने आयोजन को सफल बनाया।
श्रद्धा, भक्ति और सामूहिक सहभागिता से जुड़ा यह आयोजन नगरवासियों के लिए आस्था और उत्साह का केंद्र बना रहा।




