जांजगीर-चांपा में खड़े वाहनों से डीजल चोरी का खुलासा, बलौदा पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार🏷️ स्लग

शुभांशु मिश्रा
लोकेशन जांजगीर-चांपा | बलौदा
जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बलौदा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डीजल चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामला दिनांक 27 जनवरी 2026 का है। प्रार्थी विनोद कुमार, निवासी वार्ड क्रमांक 04 बुडगहन, अपने 18 चक्का वाहन में 200 लीटर डीजल भरवाकर दीपका (कोरबा) से कोयला लोड कर बलौदा की ओर आ रहा था। रात करीब 11 बजे चालक ने कटरा जंगल के पास सड़क किनारे वाहन खड़ा कर विश्राम किया। इसी दौरान रात 1 से 1:30 बजे के बीच वाहन की डीजल टंकी के पास हलचल की आवाज सुनाई दी।

टॉर्च की रोशनी में देखने पर पाया गया कि तीन व्यक्ति सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन में डीजल चोरी कर रहे थे। चालक के बाहर आते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 39/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
लगातार मिल रही डीजल चोरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर संदेही रजनीश रात्रे और जयनारायण कैवत्र्य को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का 140 लीटर डीजल एवं घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन जब्त की है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 12 लाख 13 हजार 20 रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपियों को दिनांक 28 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना जारी है।




