कोरबा

पी.एम. श्री सेजेस तिलकेजा में शालेय वार्षिकोत्सव 2026 का गरिमामय आयोजन

रिपोर्ट – रितिक वैष्णव / तिलकेजा

पी.एम. श्री सेजेस तिलकेजा में शालेय वार्षिकोत्सव 2026 का आयोजन उत्साह, अनुशासन और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतिभा देखने को मिली। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने शिक्षा के साथ संस्कारों के समन्वय का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत तिलकेजा की सरपंच तेरस बाई कंवर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में SMDC अध्यक्ष किशन साव जी, उप सरपंच पदमा कौशिक एवं पाकल संघ के अध्यक्ष महेश्वर कश्यप विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य एम. आर. श्रीवास ने की।

वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं द्वारा लोकनृत्य, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने सराहना के साथ देखा। बच्चों की प्रस्तुतियों में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन की स्पष्ट झलक देखने को मिली।

मुख्य अतिथि सरपंच तेरस बाई कंवर ने अपने संबोधन में विद्यालय के शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि पी.एम. श्री सेजेस तिलकेजा के शिक्षक निष्ठा एवं समर्पण भाव से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विद्यालय को क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था का मजबूत स्तंभ बताया।

प्राचार्य एम. आर. श्रीवास ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों से जोड़ना है। उन्होंने शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ शालेय वार्षिकोत्सव का सफल समापन हुआ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button