चांपा में धर्मशाला के सामने N.K.H. हॉस्पिटल निर्माण पर विवाद, नाले और पार्किंग पर कब्जे के विरोध में भड़के स्थानीय निवासी

चांपा (जिला जांजगीर-चांपा)
चांपा शहर के नयापारा वार्ड नंबर 1 में स्थित देवांगन धर्मशाला के सामने बन रहे N.K.H. हॉस्पिटल के नए भवन को लेकर मोहल्ले में विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय निवासियों ने अस्पताल प्रबंधन पर नाले के ऊपर अवैध रूप से पार्किंग निर्माण और धर्मशाला की पार्किंग भूमि पर कब्जे की कोशिश का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, जब हॉस्पिटल के कर्मचारी पार्किंग निर्माण के लिए नाले को ढकने का प्रयास करने पहुंचे, तो वार्डवासी भरत देवांगन सहित अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर इसका विरोध किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले के किनारे की दीवार गिरा दी गई है, जिससे गंदे पानी की निकासी बाधित हो रही है और सफाई की स्थिति भी बिगड़ गई है।


मामला बढ़ता देख वार्ड नंबर 1 की पार्षद अंजनी देवांगन मौके पर पहुंचीं। उन्होंने निरीक्षण के दौरान स्पष्ट कहा कि —
“धर्मशाला की पार्किंग भूमि धर्मशाला की ही रहेगी। किसी भी तरह का अतिक्रमण या अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर बाउंड्री वॉल खड़ी करने की कोशिश हुई तो कार्रवाई होगी।”
पार्षद के बयान के बाद स्थानीय लोगों ने फिलहाल शांति बनाए रखी, लेकिन यह भी चेतावनी दी कि अगर अस्पताल प्रबंधन ने दोबारा निर्माण की कोशिश की तो कड़ा विरोध किया जाएगा।


मोहल्लेवासियों का कहना है कि धर्मशाला क्षेत्र सार्वजनिक उपयोग के लिए है और इस पर निजी निर्माण से न केवल धर्मशाला की व्यवस्था प्रभावित होगी, बल्कि स्थानीय मार्ग और नाले की सफाई व्यवस्था भी ठप पड़ जाएगी।
फिलहाल स्थिति शांत बताई जा रही है, लेकिन स्थानीय प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग की जा रही है ताकि नाले और सार्वजनिक भूमि की स्थिति स्पष्ट हो सके।




