कलेक्टर की अध्यक्षता में लखपति दीदी पहल अंतर्गत जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित

स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर आय बढ़ाने पर दिया गया जोर
जांजगीर-चांपा, 16 मार्च 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में दीनदयाल अन्त्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत लखपति दीदी पहल एवं ग्राम गरीबी उन्मूलन योजना से संबंधित जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागीय अभिसरण तथा स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई।


बैठक में कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। इसके लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभान्वित किया जाए।
कलेक्टर ने विभागीय अभिसरण, सार्वजनिक सेवाओं एवं संसाधन विकास, सामाजिक विकास योजनाओं तथा आजीविका संवर्धन से संबंधित गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ते हुए उनके लिए नियमित आय के अवसर विकसित किए जाएं, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।
बैठक में कलेक्टर ने आजीविका आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा स्वरोजगार गतिविधियों के लिए प्रस्तुत किए जाने वाले ऋण आवेदनों को बैंक द्वारा प्राथमिकता के साथ शीघ्र स्वीकृत किया जाए, जिससे महिलाएं अपने व्यवसाय की शुरुआत कर सकें और अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को कौशल आधारित रोजगार से जोड़ने के लिए आरसेटी के माध्यम से विभिन्न व्यवसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाएं नई कौशल सीखकर स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर सकेंगी।
इसके साथ ही कलेक्टर ने विकासखण्ड स्तर पर लखपति दीदी सम्मेलन और आजीविका ऋण मेले के आयोजन के निर्देश दिए। इन आयोजनों में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी और सफल उद्यमियों के अनुभव भी साझा किए जाएंगे, जिससे अन्य महिलाओं को भी प्रेरणा मिल सके।
बैठक में लखपति दीदी सर्वेक्षण के दौरान गतिविधियों की ऑनलाइन एंट्री, विभागों के बीच बेहतर समन्वय तथा विकासखण्ड स्तर पर योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सदस्य सुश्री आशा साव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




