शिक्षा विभाग की जिला स्तरीय मॉनिटरिंग एवं समीक्षा बैठक संपन्न, उपसंचालक ने ली बैठक

सक्ती, 24 नवम्बर 2025
मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान के तहत विद्यालयों के सुचारु रूप से संचालन एवं उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के लिए उपसंचालक लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर श्री हेमंत उपाध्याय ने जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, हाईस्कूल व हायर सेकेंडरी के प्राचार्यों, विकासखण्ड स्रोत समन्वयकों एवं संकुल समन्वयकों की बैठक 21 नवम्बर को कृष्णा मेट्रो, जिन्दल प्लाजा सक्ती में ली। उपसंचालक ने जिला स्तरीय एकीकृत परीक्षा, हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा में शत प्रतिशत परीक्षा परिणाम लाने हेतु प्रभावी टिप्स दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में “बालक देवो भवः” स्लोगन लिखकर उसके अनुरूप कार्य करना है।
प्रत्येक विद्यालय को लक्ष्य निर्धारित करना है कि “मेरा विद्यालय श्रेष्ठ विद्यालय एवं श्रेष्ठ विद्यालय बनाने के लिए समय निर्धारण, प्रभावी शिक्षण तथा नियमित मॉनिटरिंग करना आवश्यक है। प्राचार्य सहित सभी स्टॉफ एवं विद्यार्थियों को निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित होना है शासन द्वारा जारी निर्देर्शों का पालन करते हुए एक बेहतर कार्य योजना बनाकर उसका क्रियान्वयन करना है। प्रत्येक विद्यालय में खेल का कालखण्ड अनिवार्य रूप से निर्धारित कर खेल एवं अन्य मनोरंजन गतिविधियां आयोजित करना है जिससे विद्यार्थियों की शत प्रतिशत उपस्थिति बनी रहे।
उन्होंने जिले के अधिकारियों को निरीक्षण करते समय विस्तृत टीप एवं सुझावात्मक पहलुओं को अंकित करना है। शत प्रतिशत परीक्षा परिणाम लाने के लिए ब्लूप्रिंट के आधार पर अध्यापन कार्य करना है एवं जांच परीक्षा आयोजित कर विद्यार्थियों की कमजोर भाग की पहचान कर उसे दूर करना है। जिला शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को सप्ताह में तीन दिन कम से कम 06 विद्यालयों का मॉनिटरिंग एवं संकुल समन्वयकों को सप्ताह में दो दिन कम से कम 04 विद्यालयों का अवलोकन करना है।


सभी संस्था प्रमुख अपने विद्यालय के शिक्षकों के अध्यापन का अवलोकन कर उनकी अध्यापन की कमियों को दूर करने की दिशा में कार्य करना है जिससे वे प्रभावी शिक्षा विद्यार्थियों को प्रदान कर सकें। सभी संस्था प्रमुखों को डेली डायरी एवं आगमन निगमन पंजी बनाना अनिवार्य है। प्रातः 10 बजे उपस्थित हो कर अधिकारी विद्यालयों का निरीक्षण करें। जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कुमुदिनी बाघ द्विवेदी ने सभी प्राचार्यों एवं उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि उपसंचालक द्वारा दिए गए समस्त निर्देशों का जिले में अक्षरसः पालन किया जाना सुनिश्चित करें।
जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यालय स्टॉफ ने उपसंचालक को स्मृति चिन्ह भेंट किया एवं सभी को धन्यवाद देते हुए बैठक समाप्त की गई। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सांख्यिकी अन्वेषक श्री राकेश अग्रवाल, जिला क्रीडा अधिकारी श्री अमर सिंह राज, श्री मुकुटधर दुबे समग्र शिक्षा, सुरेश कुमार जयसवाल बीईओ सक्ती श्री दिलीप कुमार पटेल, बीईओ मालखरौदा एम एल प्रधान, बीईओ जैजैपुर विजय सिदार, बीईओ डभरा श्याम लाल वारे, जिले के सभी सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य, विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक तथा संकुल समन्वयक उपस्थित थे।




