जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का भव्य समापन, 2 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

संवाददाता: सुरेन्द्र साहू | सूरजपुर
सूरजपुर जिले में आयोजित सरगुजा ओलंपिक का जिला स्तरीय आयोजन आज उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। शासकीय आत्मानंद बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के सभी विकासखंडों से पहुंचे खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक के पहले दिन 12 फरवरी को जूनियर वर्ग के 1068 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जबकि समापन दिवस पर सीनियर वर्ग से 1189 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने रोमांचक मुकाबलों के जरिए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समापन कार्यक्रम में पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष एवं जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष श्री भीमसेन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले दो दिनों में मैदान पर जो ऊर्जा, जोश और जुनून देखने को मिला, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि खेल में जीत-हार से ज्यादा महत्वपूर्ण सहभागिता और खेल भावना होती है, और इस आयोजन में हर खिलाड़ी विजेता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने कहा कि जब किसी जिले के खेल मैदान खिलाड़ियों से भरे होते हैं, तो वह जिला स्वस्थ, ऊर्जावान और प्रगति की दिशा में अग्रसर माना जाता है। खेल अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास सिखाता है। उन्होंने कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और सरगुजा ओलंपिक उन्हें निखारने का एक सशक्त और ईमानदार प्रयास है।
जिला खेल अधिकारी श्रीमती आरती पाण्डे ने जानकारी दी कि सीनियर वर्ग में 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और रस्साकस्सी सहित कुल 12 खेल विधाओं में मुकाबले आयोजित किए गए। एथलेटिक्स में 100, 200, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और रिले रेस जैसे स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विजेताओं को पुरस्कार राशि एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। जूनियर और सीनियर वर्ग के विजेता खिलाड़ी अब संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
समापन समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर, जनप्रतिनिधि, जिले के गणमान्य नागरिक, खेल संघों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।




