नशा मुक्ति की मुहिम तेज: जांजगीर-चांपा पुलिस ने ग्राम कोसला और बोकरामुड़ा में बनाई महिला कमांडो टीम

लोकेशन: जांजगीर–चांपा
रिपोर्टर: शुभांशु मिश्रा
दिनांक: 01/02/2026
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय की पहल से नशा मुक्ति अभियान को मिली नई धार, दो गांवों में 101 महिला कमांडो टीम गठित
जांजगीर–चांपा जिले में नशा मुक्ति को लेकर पुलिस का विशेष अभियान अब जमीन पर असर दिखाने लगा है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, आईपीएस की पहल पर सामाजिक पुलिसिंग के तहत जिलेभर में लगातार जन जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में आज दिनांक 01 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक थाना पामगढ़ क्षेत्र के ग्राम कोसला पहुंचे, जहां नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्राम कोसला में 51 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन किया गया, जो बीते तीन माह से गांव में नशा मुक्ति को लेकर लोगों को जागरूक कर रही थीं।
पुलिस अधीक्षक ने गठित महिला कमांडो टीम को टोपी और सीटी का वितरण किया तथा उनके प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक गौरवशाली पहल बताया। उन्होंने अवैध शराब बिक्री, शराब सेवन, जुआ और सट्टा जैसे सामाजिक अपराधों से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी और कहा कि सही शिक्षा और संस्कार मिलने पर कोई भी बच्चा अपराध की राह पर नहीं जाता।


वहीं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चौकी पंतोरा क्षेत्र के ग्राम बोकरामुड़ा में भी नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी और चौकी प्रभारी दिलीप सिंह की मौजूदगी में 50 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन कर उन्हें टोपी और सीटी वितरित की गई।
जांजगीर–चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब की बिक्री एक गंभीर अपराध है, जिससे समाज में कई तरह की त्रासदियां जन्म लेती हैं। यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें और समाज को नशा मुक्त बनाने में सहयोग करें।
इस दौरान थाना पामगढ़ क्षेत्र के ग्राम कोसला और चौकी पंतोरा क्षेत्र के ग्राम बोकरामुड़ा में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




