
रिपोर्टर :सुरेन्द्र साहू / लोकेशन :सूरजपुर, छत्तीसगढ़
सूरजपुर जिले में यातायात नियमों की अनदेखी और बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ का एक गंभीर मामला सामने आया है। जहां यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब के नशे में स्कूल वाहन चला रहे एक चालक को गिरफ्तार किया है।

दरअसल, यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय अपनी टीम के साथ चंदरपुर चौक में नियमित वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक ईको वाहन क्रमांक CG 29 AG 6127 को रोककर जांच की गई, जिसमें स्कूली बच्चे सवार थे।
जांच के दौरान चालक नरसिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम चंदरपुर, की जब ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई तो वह शराब के नशे में पाया गया।

इतना ही नहीं, जांच में यह भी सामने आया कि चालक बिना वैध परमिट के स्कूली बच्चों का परिवहन कर रहा था, जो नियमों का गंभीर उल्लंघन है।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 और 66/192 के तहत मामला दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया है।
वहीं, बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने तुरंत वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था कर सभी बच्चों को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया।
फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई को बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है।




