
रिपोर्टर : जय ठाकुर / लोकेशन :कोरबा



छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नशे की हालत में हंगामा करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पूर्व गृहमंत्री के बेटे संदीप कंवर ने कार से दुकान को टक्कर मार दी और इसके बाद जमकर विवाद किया।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के इतवारी बाजार की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार “पूर्व विधायक रामपुर” लिखी कार से दुकान को टक्कर मारी गई। हादसे के बाद आरोपी द्वारा गाली-गलौज और मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है।


मामले की सूचना मिलने पर पुलिस आरोपी को थाने लेकर पहुंची, लेकिन वहां भी संदीप कंवर ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों से अभद्रता की और गाली-गलौज करते हुए गाड़ी लेकर थाने से ही फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने पिता के प्रभाव की धौंस दिखाते हुए कहा कि “जो करना है कर लो।” वहीं पीड़ित पक्ष की बेटी पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर पदस्थ बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




