धान उठाव में देरी से तखतपुर के उपार्जन केंद्रों पर संकट, किसानों की बढ़ी चिंता

लोकेशन: तखतपुर, छत्तीसगढ़
संवाददाता: विनोद जायसवाल
तखतपुर। तखतपुर विकासखंड के अंतर्गत संचालित धान उपार्जन केंद्रों में इन दिनों धान खरीदी तो तेज़ी से जारी है, लेकिन खरीदे गए धान का समय पर उठाव नहीं हो पाने से गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह के टोकन मिलने से किसानों से धान की खरीदी निर्बाध रूप से की जा रही है, जिसके चलते उपार्जन केंद्रों में धान के ढेर लगातार बढ़ते जा रहे हैं। स्थिति यह है कि कई केंद्रों पर स्टैक पर स्टैक लग चुके हैं और अब धान रखने की जगह कम पड़ने लगी है।
धान का उठाव नहीं होने से जहां किसानों को भुगतान में देरी की आशंका सता रही है, वहीं दूसरी ओर समिति प्रबंधक भी बढ़ते दबाव में नजर आ रहे हैं। मौसम में बदलाव और संभावित बारिश की चिंता ने भी हालात को और गंभीर बना दिया है।
किसानों का कहना है कि अगर समय रहते परिवहन और उठाव की व्यवस्था नहीं की गई, तो उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है। वहीं समिति प्रबंधकों ने भी संबंधित विभाग और प्रशासन से शीघ्र धान उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि खरीदी व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
तखतपुर के धान उपार्जन केंद्रों पर बनी यह स्थिति प्रशासन के लिए एक गंभीर चेतावनी है, जहां खरीदी के साथ-साथ उठाव व्यवस्था को भी समान रूप से मजबूत करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।




