
रिपोर्टर- दीपक वर्मा / लोकेशन- जशपुर
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां चरित्र शंका में एक पति ने अपनी ही पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



मामला जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र के ग्राम पुटली का है। बताया जा रहा है कि ग्राम पुटली निवासी 56 वर्षीय जेरोम तिर्की को अपनी पत्नी अलकिसलिया तिर्की के चरित्र पर संदेह था। इसी बात को लेकर देर रात दोनों के बीच विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपी पति ने घर में रखे लोहे के धारदार हथियार दौली से पत्नी के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने अपने भाई को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर तपकरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी पति जेरोम तिर्की को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।






