मेहंदीपारा में पुलिस का तड़के सर्च ऑपरेशन — अवैध शराब और गांजा कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई

रिपोर्टर – जय ठाकुर
लोकेशन – जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा से बड़ी खबर सामने आई है, जहां चांपा पुलिस ने तड़के मेहंदीपारा में अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शनिवार सुबह विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया गया। कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता ने किया, जबकि ऑपरेशन ASP उमेश कुमार कश्यप और SDOP यदुमणी सिदार के मार्गदर्शन में पूरी टीम ने अंजाम दिया।
सुबह लगभग 5 बजे 15 सदस्यीय पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के पास स्थित मेहंदीपारा बस्ती को चारों दिशाओं से घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस ने घर–घर सर्चिंग की और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर शिकंजा कसा।
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक महिला को 6 लीटर महुआ शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया।उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वहीं दूसरी बड़ी कार्रवाई में एक युवक से 1.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।

इसके अलावा, पुलिस ने इलाके से संदिग्ध व्यक्तियों को भी हिरासत में लिया है। सभी संदिग्धों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेहंदीपारा में अवैध शराब और गांजा कारोबार की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बख्शा नहीं जाएगा।




