जशपुर

ऑपरेशन शंखनाद की गूंज: जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 गौवंश मुक्त, एक तस्कर जेल, पिकअप जप्त

दीपक वर्मा

कुनकुरी – जशपुर

जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद एक बार फिर गौ तस्करों पर भारी पड़ा है। जिले में अलग–अलग स्थानों पर की गई दो बड़ी कार्रवाइयों में पुलिस ने 20 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इस दौरान एक गौ तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि दूसरे मामले में तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जप्त किया गया है।पहला मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र का है, जहां पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल के रास्ते गौवंशों को झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने डुमरटोली जंगल में घेराबंदी कर 10 गौवंशों को बरामद किया।

मौके से अजीत राम नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जो पैदल ही गौवंशों को झारखंड ले जा रहा था। आरोपी के पास गौ परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।वहीं दूसरा मामला थाना लोदाम क्षेत्र का है, जहां नियमित चेकिंग के दौरान पुलिस ने गौ तस्करी में संलिप्त एक पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पिकअप वाहन से 10 गौवंशों को सकुशल बरामद कर लिया और वाहन को जप्त कर लिया है।

फरार आरोपियों की तलाश तेज़ कर दी गई है।इस पूरे मामले पर जशपुर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ शब्दों में कहा है कि— – एसएसपी शशि मोहन सिंह, जशपुर:“ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौ तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। जिले में गौ तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।”

गौरतलब है कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत अब तक जशपुर पुलिस 1400 से अधिक गौवंशों को मुक्त करा चुकी है, जबकि 239 से ज्यादा गौ तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जशपुर पुलिस का साफ संदेश है—गौ तस्करी करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button