कोरबा

कटघोरा–अंबिकापुर NH पर अचानक उभरा हाथी; मीडियाकर्मी की कार टली टक्कर, हाईवे पर दहशत

लोकेशन: कटघोरा–अंबिकापुर नेशनल हाइवे, छत्तीसगढ़
रिपोर्टर: सरोज रात्रे


कटघोरा–अंबिकापुर नेशनल हाइवे पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब जंगल से निकलकर अचानक सड़क पर एक विशालकाय हाथी आ गया। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल उस समय बन गया, जब सामने से आ रही मीडियाकर्मी की कार समय रहते रुक गई और जानलेवा टक्कर टल गई। महज कुछ सेकंड की देरी होती, तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाथी तेज़ी से सड़क पार कर रहा था, उसी दौरान हाइवे पर वाहनों की आवाजाही जारी थी। कार चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ब्रेक लगाया और वाहन को नियंत्रित किया, जिससे सभी लोग सुरक्षित बच निकले।

घटना के बाद करीब 15 से 20 मिनट तक हाईवे पर वाहनों की लाइन लग गई और लोगों में भय का माहौल देखने को मिला। कई राहगीरों ने वाहन रोककर दूरी बनाए रखी, जबकि स्थानीय लोग एक-दूसरे को सावधानी बरतने की हिदायत देते रहे।
सबसे चिंता की बात यह है कि वन विभाग को हाथियों की इस इलाके में सक्रियता की कोई पूर्व जानकारी नहीं दी गई थी। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग पर हाथियों की आवाजाही पहले भी देखी गई है, लेकिन न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही हाईवे के संवेदनशील हिस्सों में निगरानी तंत्र स्थापित है।

घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। फिलहाल क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने की बात कही जा रही है। लेकिन बड़ा सवाल यह है—क्या नेशनल हाइवे पर वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर कोई ठोस और स्थायी व्यवस्था की जाएगी? या फिर इस तरह की अप्रत्याशित घटनाएं यूँ ही यात्रियों की जान जोखिम में डालती रहेंगी?

स्थानीय लोगों और यात्रियों ने प्रशासन व वन विभाग से त्वरित समाधान और सुरक्षा उपायों की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button