सूरजपुर

मातृ-पितृ दिवस पर प्राथमिक शाला उरांवपारा में भावनात्मक व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

रिपोर्टर:- सुरेन्द्र साहू
लोकेशन:- मदनेश्वरपुर, विकासखंड रामानुजनागर, जिला सूरजपुर


मदनेश्वरपुर के विकासखंड रामानुजनागर स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय उरांवपारा, मदनेश्वरपुर में मातृ-पितृ दिवस के अवसर पर एक भव्य, भावनात्मक और संस्कारों से भरपूर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं विद्यालय प्रार्थना के साथ हुई, जिसके बाद विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता के सम्मान एवं सेवा का संकल्प लिया।
नन्हे-नन्हे विद्यार्थियों ने माता-पिता का आरती-तिलक कर पुष्प वर्षा की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। बच्चों ने “मेरे माता-पिता”, “माँ का प्यार” और “मेरा परिवार” विषयों पर चित्र बनाकर अपनी भावनाओं को रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
इसके साथ ही धन्यवाद कार्ड, कविता-पाठ, भाषण, समूह गीत और प्रेरक नारों के माध्यम से बच्चों ने माता-पिता के त्याग, प्रेम और मार्गदर्शन को सरल व प्रभावी शब्दों में प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में प्रधानपाठक संजय साहू ने बच्चों को संबोधित करते हुए माता-पिता के त्याग, उनके प्रथम गुरु होने और जीवन में उनके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को माता-पिता का सम्मान करने, उनके चरण छूकर आशीर्वाद लेने और आज्ञा पालन करने की प्रेरणा दी।
अभिभावकों ने विद्यालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में नैतिक संस्कार, कृतज्ञता और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशंसा-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर प्रधानपाठक संजय साहू, शिक्षक रामकृपाल साहू, शिक्षिका शोभारानी किसपोट्टा, एनिमा बेक सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button