नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर सक्ती जिले में उत्साह, कार्यकर्ताओं ने जताया आभार

संवाददाता:
दीपक यादव
लोकेशन: सक्ती
भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी एवं बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद सक्ती जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर जिलेभर में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
भाजपा सक्ती जिला अध्यक्ष टिकेश्वर सिंह गबेल ने नितिन नबीन को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रदेश सह प्रभारी, लोकसभा चुनाव प्रभारी और प्रदेश प्रभारी के रूप में उन्होंने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का काम किया है। उनके कुशल संगठनात्मक नेतृत्व और रणनीतिक सोच का ही परिणाम रहा कि भाजपा को लगातार चुनावी सफलता मिली है।
जिला अध्यक्ष गबेल ने कहा कि नितिन नबीन जमीन से जुड़े नेता हैं और उनका कार्यकर्ताओं तथा आम जनता से सीधा और जीवंत संवाद रहा है। यही कारण है कि संगठन के हर स्तर पर वे समान रूप से स्वीकार्य हैं। उन्होंने कहा कि अब नितिन नबीन की यह संगठनात्मक क्षमता राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी को और अधिक सशक्त बनाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि नितिन नबीन की नियुक्ति से छत्तीसगढ़ के सभी भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता गौरवान्वित और अभिभूत हैं। उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पार्टी की रीति-नीति, अनुशासन और संगठनात्मक दायित्वों की गंभीरता को समझा है, जिसका लाभ आने वाले समय में पार्टी को निश्चित रूप से मिलेगा।
कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि नितिन नबीन के मार्गदर्शन में भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत होगी तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई गति मिलेगी।




