सिवनी हाईस्कूल में चोरी के एक हफ्ते बाद भी पुलिस के हाथ खाली, ग्रामीणों में आक्रोश – शिक्षा व्यवस्था पर पड़ा असर

जांजगीर-चांपा
जिले के चांपा थाना क्षेत्र के सिवनी गांव स्थित शासकीय हाईस्कूल के कंप्यूटर रूम में हुई चोरी और तोड़फोड़ की घटना को एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। इस लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।ग्रामीणों का कहना है कि लगातार शिकायत और एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने अब तक न तो किसी संदिग्ध को हिरासत में लिया है और न ही जांच में कोई प्रगति दिखाई है। लोगों का आरोप है कि पुलिस केवल औपचारिकता निभा रही है, जबकि चोर अब तक खुलेआम घूम रहे हैं।
स्कूल में हुई चोरी, कम्प्यूटर और पंखे हुए गायब
दरअसल, बीते सप्ताह अज्ञात चोरों ने स्कूल के कमरों के ताले तोड़कर कंप्यूटर रूम में रखे पंखे, बिजली के तार, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य जरूरी शैक्षणिक सामग्री चोरी कर ली थी। घटना के बाद स्कूल स्टाफ ने चांपा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन उसके बाद से अब तक पुलिस ने किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया।ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, तो इस तरह की घटनाओं में और वृद्धि हो सकती है। लोगों ने पुलिस अधीक्षक से मामले में स्वयं संज्ञान लेकर जांच में तेजी लाने की मांग की है।
शिक्षा पर असर, विद्यार्थियों में नाराजगी
स्कूल में हुई चोरी और तोड़फोड़ की घटना अब विद्यार्थियों के बीच भी चर्चा का विषय बन गई है। छात्रों ने कहा कि स्कूल में बार-बार इस तरह की घटनाएं शिक्षा के माहौल को बिगाड़ती हैं।
एक छात्र ने बताया कि —
“कड़ी मेहनत के बाद स्कूल में जो सुविधाएं मिलती हैं, उन्हें असामाजिक तत्वों द्वारा नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इससे कंप्यूटर की पढ़ाई पूरी तरह ठप हो गई है।”

कंप्यूटर रूम के बिजली तार उखड़े हुए हैं और उपकरण क्षतिग्रस्त हैं, जिनकी मरम्मत में समय लग सकता है।
विद्यालय प्रबंधन ने जताई चिंता
के.के. साहू, प्राचार्य शासकीय हाईस्कूल सिवनी ने कहा —
“विद्यालय में हुई चोरी और तोड़फोड़ की घटना से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कंप्यूटर रूम में नुकसान की मरम्मत में समय लगेगा। हमने पुलिस से मांग की है कि जांच में तेजी लाकर आरोपियों को जल्द पकड़ा जाए।”
ग्रामीणों ने मांगी रात्रिकालीन गश्त
ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में इस तरह की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और स्कूल परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल, पुलिस की सुस्ती और जांच में देरी को लेकर जनता में गहरा असंतोष व्याप्त है।




