गौ सेवा की मिसाल: चांपा में 19 मार्च से शुरू होगा निशुल्क कोटना वितरण

रिपोर्टर-गोल्डी श्रीवास/लोकेशन- जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले के चांपा नगर में गौ सेवा को लेकर एक प्रेरणादायक पहल की जा रही है। सामाजिक सरोकारों में सक्रिय बाजोरिया फाउंडेशन द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी निशुल्क कोटना वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष यह अभियान 19 मार्च 2026 से हिंदू नव वर्ष और नवरात्रि एकम के शुभ अवसर पर शुरू होगा।
संस्था के मुताबिक, यह कोटना गायों के दाना-पानी के लिए उपयोगी पात्र है, जिसे निशुल्क वितरित कर गौ सेवा को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। गौ सेवा में रुचि रखने वाले सभी इच्छुक व्यक्ति चांपा के ओमसिटी परिसर में प्रतिदिन रात्रि 7:30 बजे पहुंचकर कोटना प्राप्त कर सकते हैं।
वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए हितग्राहियों को आधार कार्ड की फोटो कॉपी साथ लाना अनिवार्य किया गया है।

बाजोरिया फाउंडेशन के शैलेश कुमार बाजोरिया ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल कोटना वितरण नहीं है, बल्कि समाज में गौ संरक्षण और सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस पुनीत कार्य से जुड़ें और गौ सेवा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक मोबाइल नंबर 9329498321 पर संपर्क कर सकते हैं।




