किसान दिवस पर सम्मान की मिसाल: बक्सरा धान खरीदी केंद्र में पुष्पहार से स्वागत, खरीदी प्रभारी ने खुद चलाया किसान का ट्रैक्टर

रिपोर्टर – सरोज रात्रे
लोकेशन – जांजगीर-चांपा (बलौदा, बक्सरा)
किसान दिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा जिले से किसानों के सम्मान की एक सराहनीय और प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। बलौदा विकासखंड के बक्सरा धान खरीदी केंद्र में किसानों के प्रति सम्मान और भरोसे की एक नई परंपरा की शुरुआत की गई।
धान लेकर खरीदी केंद्र पहुंचे किसानों का पुष्पहार पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। यह दृश्य न सिर्फ किसानों के लिए सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि शासन की किसान-हितैषी सोच को भी दर्शाता नजर आया।
इस पहल की सबसे खास झलक तब देखने को मिली, जब सबसे पहले धान लेकर पहुंचे किसान के ट्रैक्टर को स्वयं खरीदी प्रभारी धन्नू अहीर ने चलाया और सम्मानपूर्वक ट्रैक्टर को खरीदी केंद्र तक लेकर आए। यह कदम किसानों और प्रशासन के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी बनता दिखाई दिया।


धान खरीदी केंद्र प्रभारी एवं समिति अध्यक्ष भागीरथी देवांगन ने बताया कि किसान दिवस के दिन कुल 28 किसानों के टोकन काटे गए, जिनसे लगभग 1300 क्विंटल धान की खरीदी की गई।
समिति अध्यक्ष भागीरथी देवांगन ने कहा—
“किसान हमारे अन्नदाता हैं। किसान दिवस पर उनका सम्मान करना हमारा नैतिक दायित्व है। भविष्य में भी किसानों के सम्मान के लिए ऐसी पहल जारी रखी जाएगी।”
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा ऑनलाइन टोकन व्यवस्था, पर्याप्त बारदाने, इलेक्ट्रॉनिक तौल प्रणाली और शीघ्र भुगतान जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टोकन लिमिट में भी बढ़ोतरी की गई है।
कुल मिलाकर किसान दिवस पर बक्सरा धान खरीदी केंद्र की यह अनूठी पहल किसानों के चेहरे पर मुस्कान लेकर आई है और पूरे प्रदेश में एक सकारात्मक संदेश दे रही है कि अन्नदाता का सम्मान ही सच्चा विकास है।




