जशपुर में RTI के नाम पर वसूली का खेल बेनकाब, दुलदुला में ब्लैकमेलर गिरफ्तार

जशपुर, दुलदुला — रिपोर्टर: दीपक वर्मा
जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र से सूचना के अधिकार के दुरुपयोग का एक बड़ा मामला उजागर हुआ है। खुद को आरटीआई एक्टिविस्ट बताने वाले युवक तरुण भारद्वाज को पंचायत सचिवों से जबरन वसूली करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर दुलदुला जनपद की 30 पंचायतों में सचिवों को धमकाकर पैसे मांगने का गंभीर आरोप है।
RTI के नाम पर धमकी और वसूली का आरोप
पुलिस जांच के मुताबिक आरोपी तरुण भारद्वाज लगातार सभी 30 पंचायतों में आरटीआई के तहत विस्तृत जानकारी मांग रहा था। इसके बाद वह सचिवों को उनकी सेवा समाप्त कराने और राज्य सूचना आयोग में शिकायत करने की धमकी देकर प्रति सचिव 3,000 रुपए की मांग कर रहा था।
पीड़ित सचिव देवकी यादव ने बताया कि उन्हें एक अंजान नंबर से कॉल आया, जिसमें आरोपी ने कहा —
“या तो जानकारी दो या व्यवस्था कर लो…”
यहां “व्यवस्था” का मतलब था — 3,000 रुपए देना।


फोनपे से वसूले रुपए और फर्स्ट अपील के दौरान धमकी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने दो पंचायत सचिवों से फोनपे के जरिए 500–500 रुपए वसूल लिए थे।
19 नवंबर को प्रथम अपील की सुनवाई के दौरान आरोपी फिर सचिवों को धमकाता मिला, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल जब्त, अन्य मामलों की भी जांच
आरोपी के मोबाइल को पुलिस ने जब्त कर लिया है और इस बात की जांच की जा रही है कि कहीं उसने अन्य पंचायतों या विभागों में भी इसी तरह की वसूली तो नहीं की है।
पुलिस ने आरोपी पर बीएनएस की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
SSP की चेतावनी — RTI का दुरुपयोग करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि सूचना का अधिकार पारदर्शिता और जवाबदेही का कानून है, लेकिन इसका दुरुपयोग कर वसूली करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल आरोपी जेल में है और आगे की जांच जारी है।




