फेसबुक फ्रेंडशिप बनी ब्लैकमेलिंग का जाल — फेक आईडी से युवती का अश्लील वीडियो वायरल करने वाला आरोपी विकास गिरफ्तार

लोकेशन – जशपुर/बागबहार
रिपोर्टर – दीपक वर्मा
तारीख – 30/11/2025
जशपुर जिले से एक गंभीर साइबर क्राइम का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर दोस्ती, भरोसे का दुरुपयोग और फिर ब्लैकमेलिंग की शिकार हुई एक युवती को न्याय दिलाने के लिए जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना बागबहार थाना क्षेत्र की है।
जशपुर पुलिस के अनुसार पीड़ित युवती की फेसबुक पर विकास नोनिया नामक युवक से दोस्ती हुई थी, जो झारखंड का रहने वाला है। बातचीत बढ़ने के बाद युवक ने युवती को अपने झांसे में लेकर उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद उसने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती को झारखंड ले जाकर ब्लैकमेल किया।
कुछ दिन बाद युवती किसी तरह अपने घर वापस आ गई और आरोपी से संपर्क बंद कर दिया। इसी से नाराज़ होकर आरोपी ने युवती के नाम से फेक आईडी बनाई और उसी वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।


पीड़ित ने साहस जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामला गंभीर देखते हुए बागबहार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी विकास नोनिया, युवती से मिलने पत्थलगांव आया हुआ है। तुरंत घेराबंदी की गई और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से मोबाइल भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा है कि महिलाओं से संबंधित अपराधों पर पुलिस की नीति “ज़ीरो टॉलरेंस” है और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।




