
रिपोर्टर दीपक वर्मा लोकेशन बगिया, जशपुर
प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपना जन्मदिन पूरी तरह आस्था, सादगी और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया। धार्मिक आस्था से लेकर बच्चों के बीच अपनत्व—हर रंग में मुख्यमंत्री का संवेदनशील और जनसरोकारों से जुड़ा स्वरूप देखने को मिला।
जन्मदिन के अवसर पर मुख्यमंत्री सबसे पहले दोकड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने महाप्रभु जगन्नाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।





दर्शन के बाद मुख्यमंत्री अपने गृह ग्राम बगिया पहुंचे, जहां जन्मदिन के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सत्यनारायण कथा में सहभागिता कर प्रदेशवासियों के कल्याण, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इसके बाद वे बगिया स्थित शासकीय अनुसूचित जनजाति बालक आश्रम पहुंचे, जहां बच्चों के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया, उन्हें उपहार दिए और शिक्षा के महत्व को लेकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने वन विभाग से जुड़ी आनंद महिला स्व सहायता समूह द्वारा तैयार “आरोग्य अमृत अवलेह” च्यवनप्राश का स्वाद चखा और महिला स्वावलंबन के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।
कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री के जन्मदिन के इस आयोजन में आस्था, सेवा और संवेदनशीलता का सुंदर संगम देखने को मिला, जहां उन्होंने एक बार फिर जनता से अपने आत्मीय जुड़ाव और सामाजिक प्रतिबद्धता का स्पष्ट संदेश दिया।






