बॉलीवुड से रिटायरमेंट के बाद Arijit Singh का पहला गाना रिलीज, ‘रैना’ के पोस्टर पर फिदा हुए फैन्स

प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास की घोषणा के बाद मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने अपना नया स्वतंत्र गाना ‘रैना’ रिलीज कर दिया है।

इस रिलीज ने उनके प्रशंसकों को बड़ी खुशखबरी दी है, जो उनके रिटायरमेंट ऐलान से निराश हो गए थे।
‘रैना’ एक रोमांटिक ट्रैक है, जिसमें प्रेम और भावनाओं की गहराई को दर्शाया गया है। इस गीत को अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसका संगीत Shekhar Ravjiani ने तैयार किया है और बोल Priya Saraiya ने लिखे हैं।
सोशल मीडिया पर छाया ‘रैना’
अरिजीत और शेखर ने अपने-अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर गाने की रिलीज की जानकारी दी। पोस्टर सामने आते ही फैन्स ने कमेंट सेक्शन में उत्साह भरे संदेशों की बाढ़ ला दी। कई प्रशंसकों ने इसे “लेजेंड की वापसी” बताया, तो कुछ ने कहा कि उनकी आवाज फिर से सुनकर भावुक हो गए।
प्लेबैक से संन्यास, अब स्वतंत्र संगीत पर फोकस
इस साल की शुरुआत में अरिजीत सिंह ने घोषणा की थी कि वे अब प्लेबैक सिंगिंग के नए असाइनमेंट स्वीकार नहीं करेंगे। इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए उन्होंने वर्षों के समर्थन के लिए श्रोताओं का आभार जताया और अपने प्लेबैक सफर को “शानदार अध्याय” बताया।
हालांकि, ‘रैना’ की रिलीज से साफ है कि अरिजीत अब स्वतंत्र संगीत (इंडिपेंडेंट म्यूजिक) की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। गाना गरुड़ा म्यूजिक के यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है, जहां इसे रिलीज होते ही हजारों व्यूज मिल चुके हैं।
अरिजीत सिंह के इस नए अध्याय ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भले ही उन्होंने बॉलीवुड प्लेबैक से दूरी बनाई हो, लेकिन उनकी आवाज का जादू अब भी बरकरार है।




