फरहान अख्तर ने तोड़ी चुप्पी: नसीरुद्दीन शाह की ‘भाग मिल्खा भाग’ पर पुरानी आलोचना को बताया “अप्रिय” — कहा, प्रेस में बोलना नहीं था सही तरीका

मुंबई
बॉलीवुड अभिनेता-निर्माता फरहान अख्तर ने एक दशक पहले अभिनेता नसीरुद्दीन शाह द्वारा की गई आलोचना पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। इंडिया टीवी को दिए हालिया इंटरव्यू में फरहान ने कहा कि नसीरुद्दीन शाह की वह टिप्पणी “अप्रिय और निराशाजनक” थी, खासकर इसलिए क्योंकि वे उन्हें बचपन से जानते हैं।
“अगर सुधार बताना था तो फोन करते, प्रेस में बोलना सही नहीं था”
फरहान ने कहा
“मैं उन्हें तब से जानता हूं जब मैं बच्चा था। हमने ज़िंदगी ना मिलेगी दोबारा में साथ काम किया। वह बेहतरीन कलाकार हैं, लेकिन अगर उन्हें लगता था कि मुझे अपने काम में सुधार की ज़रूरत है, तो बात करने का एक तरीका होता।
मैं तो फोन उठाकर कहता कि आओ घर, बात करते हैं। लेकिन प्रेस में जाकर इस तरह कहना मुझे पसंद नहीं आया — यह तरीका अप्रिय था।”
नसीरुद्दीन शाह ने 2013 में क्या कहा था?
2013 में नसीरुद्दीन शाह ने फरहान अख्तर की फिल्म ‘भाग मिल्खा भाग’ को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था
“मुझे फरहान अख्तर की परवाह नहीं है और मैं उनकी फिल्में नहीं देखता। फिल्म मिल्खा सिंह के जीवन का बनावटी चित्रण है। फरहान ने मसल्स बनाए और बाल बढ़ाए, पर अभिनय में मेहनत नहीं की। कम से कम उन्हें मिल्खा जैसा दिखने की कोशिश तो करनी चाहिए थी।”
उनकी इस टिप्पणी के बाद फिल्म जगत में काफी हलचल मच गई थी, हालांकि उस वक्त फरहान ने इस पर प्रतिक्रिया नहीं दी थी।
“हर किसी को राय रखने का हक है, लेकिन तरीका मायने रखता है”
अब 2025 में फरहान अख्तर ने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी की राय से समस्या नहीं, बल्कि उसे सार्वजनिक रूप से पेश करने के तरीके से है।
“अगर उन्हें मेरा काम पसंद नहीं आया, तो यह उनकी राय है — और उन्हें राय रखने का हक़ है। लेकिन मैं चीज़ों को व्यक्तिगत तौर पर सुलझाना पसंद करता हूं,” फरहान ने कहा।
अब “120 बहादुर” में नज़र आएंगे फरहान अख्तर
पुराने विवादों से बेपरवाह फरहान अब अपनी नई फिल्म “120 बहादुर” को लेकर सुर्खियों में हैं। रज़नीश घई के निर्देशन में बनी यह युद्ध-नाटक फिल्म 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान रेजांग ला की लड़ाई पर आधारित है।
फरहान इसमें मेजर शैतान सिंह की भूमिका निभा रहे हैं — जो 120 भारतीय सैनिकों की वीरता और बलिदान की सच्ची कहानी पर आधारित है।
फिल्म 21 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।




