मुंगेली

धान खरीदी में अव्यवस्थाओं के खिलाफ कांग्रेस का किसान सत्याग्रह, मुंगेली के खुड़िया केंद्र में फूटा किसानों का गुस्सा

लोकेशन – मुंगेली, छत्तीसगढ़
संवाददाता – विनोद जायसवाल

मुंगेली जिले के खुड़िया धान खरीदी केंद्र में धान बिक्री को लेकर किसानों को हो रही लगातार परेशानियों के विरोध में आज कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में किसान सत्याग्रह का आयोजन किया गया। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए और धान खरीदी व्यवस्था के खिलाफ जमकर नाराज़गी जाहिर की।
खुड़िया धान खरीदी केंद्र में धान बेचने पहुंचे किसानों का आरोप है कि खरीदी प्रक्रिया में भारी अनियमितताएं की जा रही हैं। किसानों का कहना है कि उन्हें समय पर टोकन नहीं दिया जा रहा, वहीं बारदाने की भारी कमी के चलते घंटों तक लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है।


किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि धान को “खराब” बताकर पैसे की मांग की जा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके साथ ही तौल प्रक्रिया में भी गंभीर गड़बड़ियां सामने आई हैं। किसानों का कहना है कि जहां एक बोरी का मानक वजन 40 किलो 700 ग्राम होना चाहिए, वहीं उनसे 41 किलो से लेकर 41 किलो 600 ग्राम तक धान तौला जा रहा है, जो सीधे तौर पर किसानों के साथ अन्याय है।
इन समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और धान खरीदी व्यवस्था को तत्काल सुधारने की मांग की।


सत्याग्रह में शामिल नेताओं और किसानों ने साफ शब्दों में कहा कि
“जब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा।”
अब यह देखना अहम होगा कि प्रशासन किसानों की इन गंभीर समस्याओं को लेकर क्या ठोस कदम उठाता है और धान खरीदी व्यवस्था को कब तक दुरुस्त किया जाता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button