राजनांदगांव

खैरागढ़ में किसानों का फूटा गुस्सा, बारिश से बर्बाद फसल दिखाकर मांगा मुआवजा और बीमा राशि

खैरागढ़

बे-मौसम बारिश से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इसी के विरोध में आज हजारों किसान धान की बालियां हाथों में लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने मुआवजा और बीमा राशि की तत्काल भुगतान की मांग करते हुए कलेक्ट्रेट के सामने जोरदार प्रदर्शन किया।

रागढ़ में पिछले दिनों हुई बे-मौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। तैयार धान की फसलें कटाई के बाद खेतों में सड़ने लगीं, वहीं खड़ी फसलें गिरकर खराब हो गईं। इससे परेशान किसानों का गुस्सा आज सड़कों पर फूट पड़ा। जिले के सैकड़ों गांवों से आए हजारों किसानों ने अपने खेतों से खराब धान की बालियां लेकर प्रशासन को वास्तविक स्थिति दिखाने की कोशिश की।

विधायक यशोदा वर्मा के नेतृत्व में किसानों ने खैरागढ़ कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते हुए शासन से मांग की कि तुरंत फसल नुकसान का सर्वे कराया जाए और मुआवजा राशि किसानों के खातों में जमा की जाए। प्रदर्शन के दौरान करीब एक घंटे तक मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।

किसानों ने कहा —

“हमारी फसलें न बेचने लायक बची हैं, न खाने लायक। हम अपनी मेहनत की बर्बादी दिखाने यहां आए हैं। प्रशासन को खुद खेतों में जाकर नुकसान का आकलन करना चाहिए और राहत राशि शीघ्र जारी करनी चाहिए।”

प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि इस सीजन में खाद की आपूर्ति भी पर्याप्त नहीं रही, जिससे फसल पहले ही कमजोर थी, और अब बारिश ने रही-सही उम्मीदें तोड़ दीं। कई किसान कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं।

आखिर में किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मुआवजा व बीमा राशि का वितरण नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button