सुव्यवस्थित धान खरीदी से बढ़ा किसानों का भरोसा—मोबाइल टोकन से लेकर तौल तक पूरी प्रक्रिया पारदर्शी: किसान आनंद सिंह

सक्ती
शासन के निर्देश और कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के मार्गदर्शन में जिले में धान खरीदी का कार्य इस वर्ष पूरी तरह सुव्यवस्थित, पारदर्शी और किसान-हितैषी ढंग से संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में सक्ती विकासखंड के ग्राम डोडकी के किसान आनंद सिंह राजपूत ने धान खरीदी केंद्र डोडकी में 7.20 क्विंटल धान विक्रय किया और खरीदी व्यवस्था की विशेष रूप से सराहना की। किसान आनंद ने बताया कि पहले टोकन कटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ती थी, लेकिन अब मोबाइल के माध्यम से घर बैठे टोकन मिल जाता है, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत हो रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र में तौल की इलेक्ट्रॉनिक प्रणाली के कारण मापदंड बिल्कुल सटीक और पारदर्शी है, साथ ही आधारभूत सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन से किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
किसान आनंद ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रशासन को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जैसी पारदर्शी व्यवस्था के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित खरीदी प्रणाली के कारण किसान बिना किसी बाधा के अपना धान बेच पा रहे हैं और सही मूल्य प्राप्त कर रहे हैं।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले के 125 उपार्जन केंद्रों में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है, जिससे किसानों का प्रशासन पर भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है।




