जांजगीर-चांपा

महिला कमांडो पर प्राणघातक हमला: 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, शिवरीनारायण पुलिस की त्वरित कार्रवाई

जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा पुलिस ने हत्या के नियत से महिला कमांडो के सदस्यों पर प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा एवं घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना शिवरीनारायण क्षेत्र अंतर्गत अपराध क्रमांक 62/2026 धारा 109(1), 296, 351(3), 115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना आज दिनांक 16 फरवरी 2026 की सुबह करीब 8 बजे की है, जब अष्टमूर्ति स्कूल के सामने वार्ड नंबर 06 मांझापारा खरौद निवासी जयकुमार आदित्य उर्फ बादशाह (22 वर्ष) द्वारा महिला कमांडो के सदस्यों के साथ अश्लील गाली-गलौच की जा रही थी।

महिला कमांडो के सदस्यों द्वारा जब उसे गाली-गलौच से मना किया गया, तो आरोपी ने “गांव में शराब-गांजा बंद कराते हो” कहते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान प्रार्थिया राजकुमारी आदित्य द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने हत्या के इरादे से बांस के डंडे से महिला कमांडो के सदस्यों पर प्राणघातक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए विजय कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा द्वारा तत्काल विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना शिवरीनारायण पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा जुर्म स्वीकार किए जाने पर उसकी निशानदेही से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद किया गया। इसके पश्चात आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर दिनांक 16 फरवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव (थाना प्रभारी शिवरीनारायण), सहायक उप निरीक्षक आर.पी. बघेल, आरक्षक नितिन द्विवेदी, विकास शर्मा, दिनेश चौहान, यशवंत पाटले सहित थाना शिवरीनारायण स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button