युवक पर प्राणघातक हमला, इलाज के दौरान मौत से गांव में सनसनी

रिपोर्टर:- शुभांशु मिश्रा
लोकेशन:- सिवनी (नैला)
सिवनी के नैला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिवनी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां देर रात एक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने प्राणघातक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रोशन सूर्यवंशी के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था।
घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, हमले से पहले मोहल्ले में गाली-गलौच की आवाजें सुनाई दी थीं। इस दौरान गांव के बाहर के कुछ युवक भी मौके पर मौजूद बताए जा रहे हैं, जिनकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। हमले के बाद रोशन को परिजन और ग्रामीण जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


सूचना मिलते ही नैला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
नैला थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और हर एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा। ग्रामीणों ने भी हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।




