बाराती नाच विवाद में चाकू से जानलेवा हमला, फरार आरोपी व विधि से संघर्षरत बालक गिरफ्तार

लोकेशन – जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़)
रिपोर्टर – शुभांशु मिश्रा
जांजगीर-चांपा जिले से बड़ी ब्रेकिंग खबर सामने आई है।
थाना सारागांव पुलिस ने बाराती बाजा में नाचने को लेकर हुए चाकूबाजी के मामले में फरार आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है।
यह घटना 10 फरवरी 2026 की है, जब गौरव बरेठ अपने दोस्तों के साथ ग्राम अफरीद बारात में शामिल होने गया था। इसी दौरान ग्राम बोरसी पामगढ़ से आए दूसरे बारातियों से नाचने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की नीयत से चाकू से गौरव बरेठ और उसके साथी सागर बरेठ पर हमला कर दिया। दोनों घायलों को इलाज के लिए बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विजय कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा के निर्देशन में पुलिस टीम ने वैज्ञानिक अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। इलाजरत गौरव बरेठ का मृत्युकालीन कथन भी कार्यपालिक दंडाधिकारी से दर्ज कराया गया।
इस प्रकरण में पहले ही अमर यादव और अमीर यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। वहीं फरार आरोपी सोमवीर उर्फ सुमबीर यादव और एक विधि से संघर्षरत बालक को दबिश देकर गिरफ्तार किया गया, जिन्होंने पूछताछ में घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पूरी कार्रवाई में थाना सारागांव पुलिस की सराहनीय भूमिका रही है।




